रायपुर
9050 परीक्षार्थियों के लिए 25 केंद्रों में विशेष इंतजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। कल होने वाली री नीट यूजी के लिए राजधानी के सभी 25 परीक्षा केंद्रों में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में है। इसमें कुल 9050 परीक्षार्थी शामिल होंगे।दोपहर 3 बजे के बाद प्रशासन कल के लिए माक ड्रिल करने जा रहा है।
परीक्षार्थियों के साथ अभिभावकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने आज और कल विशेष ट्रेन और कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगा रहा है।
रेलवे स्टेशनों पर विशेष सुविधाओं के साथ सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। नीट यूजी पुनर्परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने केंद्र प्रभारियों को परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर गौरव सिंह, पुलिस अधिकारियों के साथ बीते 3 दिनों से स्कूलों का निरीक्षण कर तैयारी में जुटे हैं। परीक्षा के प्रश्न पत्र ओएमआर शीट रायपुर पहुंच चुके हैं और एक अज्ञात बैंक के लाकर में सुरक्षित रखे गए हैं। माक ड्रिल वहां से स्कूलों तक के लिए किया जाएगा।
कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों के आसपास कोचिंग संस्थानों या अन्य संगठनों द्वारा किसी भी प्रकार के प्रचार, बैनर, पोस्टर अथवा परीक्षार्थियों को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, फोटो पहचान पत्र, निर्धारित पासपोर्ट और पोस्टकार्ड आकार के फोटो तथा पारदर्शी पानी की बोतल साथ लाना अनिवार्य होगा।
मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेन-पेंसिल, नोट्स, पुस्तकें, बैग, पर्स, आभूषण, खाद्य सामग्री सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।