रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। छत्तीसगढ़ राज्य में सीधी भर्ती न होने के कारण लिपिकों के पद मंत्रालय से लेकर मैदानी स्तर के कार्यालयों में रिक्त है। प्रदेश सरकार लिपिक के अनुकंपा नियुक्ति पदों पर 10त्न का सीमा बंधन लागू कर दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रित परिवारों को नियुक्ति से वंचित रखा है। दूसरी ओर 2014 से लगातार जिला निर्वाचन कार्यालय में कार्यरत संविदा कर्मचारियों कोअनेक उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद भी नियमितिकरण नहीं किया गया है, बल्कि 28 फरवरी से प्रतिवर्ष सेवा वृद्धि का आदेश न होने से बिना वेतन के तीन माह कार्य कर चुनाव के कर्मचारी परेशान है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने कहा है कि प्रदेश में सहायक ग्रेड-3 के पदों पर नियुक्ति नहीं हो रही है। इसके कारण अनेको अनुकंपा नियुक्ति के पात्र दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रित चतुर्थ श्रेणी अथवा पटवारी के पद पर नियुक्ति लेने के लिए मजबूर हैं। दूसरी ओर अनेक लोकसभा विधानसभा पंचायत चुनावों को संपन्न कराने वाले प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों में संविदा सहायक ग्रेड -3 कर्मचारी भी कार्यरत है, उन्हें इन रिक्त व स्वीकृत 145 पदों पर समायोजन करना चाहिए। चुनाव में कार्य कर चुके अनेक कर्मचारी उच्च न्यायालय में याचिका प्रस्तुत किए हैं जिनमें कर्मचारियों के पक्ष में आदेश भी हुआ है। श्री झा ने कहा है कि सीधी भर्ती के बजाय चुनाव कार्यालयों में कार्यरत सहायक ग्रेड-3 संविदा कर्मियों तथा अनुकंपा नियुक्ति के लंबित तृतीय श्रेणी के पदों के आवेदनों का निराकरण कर इन रिक्त पदों पर नियुक्ति दिए जाने की मांग मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, एवं मुख्य सचिव श्री विकास शील से किया गया है।