रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जून। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के जल्द आगमन के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश के कई जिलों में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी रायपुर समेत कई जगहों पर शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई है। साथ ही 23 जून तक मानसून के छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून फिलहाल तेलंगाना क्षेत्र में सक्रिय है और अनुकूल परिस्थितियां बनने पर इसके 23 जून तक छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है। इससे पहले विभाग ने मानसून के 2 से 3 दिनों में प्रदेश में पहुंचने के संकेत दिए गए थे।
गुरुवार रात भी कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज चमक और बारिश का दौर देखने को मिला। रायपुर में रात बारिश लगभग आधे घंटे तक जारी रही। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई और लोगों को एक घंटे से अधिक समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। शहर के लालपुर में बूंदाबांदी दर्ज की गई। जबकि शहर के अन्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों ने इसे खंड वर्षा का प्रभाव बताया है।
कई जिलों में दर्ज बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के जिलों में हल्की से मध्यम और तेज बारिश दर्ज की गई। केशकाल में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। कांकेर, जगदलपुर, बड़े राजपुर, माकड़ी और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।
गुरुवार रात चली अंधड़ से शहर में कई पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं। चौबे कालोनी में शिवसेना कार्यालय के पास गिरे पेड़ के नीचे कार दबी हुई है। अभी भी काम्प्लेक्स वासी घर से बाहर नहींनिकल पा रहे हैं।