रायपुर

पेंशनरों की समस्याओं पर कलेक्टर गौरव सिंह से मिला महासंघ का प्रतिनिधिमंडल
19-Jun-2026 7:14 PM
पेंशनरों की समस्याओं पर कलेक्टर गौरव सिंह से मिला महासंघ का प्रतिनिधिमंडल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 जून। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के नेतृत्व में कलेक्टर  गौरव सिंह से सौजन्य भेंट कर पेंशनरों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा दो महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे।

 पहला दैवेभो से नियमितीकृत कर्मचारियों को दैवेभो सेवा अवधि के लिए ग्रेच्युटी भुगतान संबंधी विषय पर सौंपा। महासंघ ने ध्यान आकर्षित कराया कि वित्त विभाग के परिपत्र  26 मार्च 18 तथा महाधिवक्ता कार्यालय द्वारा 19 मार्च 26 को दिए गए विधिक अभिमत में इस विषय पर भिन्न-भिन्न व्याख्याएं सामने आने से कर्मचारियों, विभागों एवं कोषालयों में भ्रम की स्थिति निर्मित हो रही है। महासंघ ने शासन स्तर पर स्पष्ट एवं अंतिम दिशा-निर्देश जारी कर सभी विभागों में एक समान प्रक्रिया लागू किए जाने की मांग की।

दूसरे ज्ञापन में रायपुर जिले के विभिन्न विभागों में लंबित पेंशन प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा पेंशन प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखे जाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई। महासंघ ने कलेक्टर गौरव सिंह द्वारा सेवानिवृत्ति की तिथि पर ही पीपीओ जारी करने संबंधी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पेंशनरों को बड़ी राहत मिली है तथा प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।

प्रतिनिधिमंडल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरोरा से जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त हुईं श्रीमती ऊषा मिश्रा के लंबित पेंशन प्रकरण का मामला भी कलेक्टर के समक्ष रखा। बताया गया कि सेवानिवृत्ति के लगभग छह माह बाद भी उनका पीपीओ जारी नहीं हुआ है तथा प्रकरण लंबित है। महासंघ ने इस प्रकार के मामलों की विभागवार समीक्षा कर जवाबदेही तय करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर गौरव सिंह ने तत्काल जिला कोषालय अधिकारी  गजानंद पटेल को चर्चा हेतु बुलाया तत्काल समीक्षा कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा तथ्यात्मक जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महासंघ के प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी ने कलेक्टर  गौरव सिंह को भजन संग्रह पुस्तक भेंट कर उनका सम्मान किया।


अन्य पोस्ट