रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जून। मालवीय रोड स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में शुक्रवार को श्रुत पंचमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह 8 बजे से मूलनायक प्रथम तीर्थंकर भगवान श्री आदिनाथ की बेदी के समक्ष बड़ा मंदिर के पंडित संजय जैन के सानिध्य में देव-शास्त्र-गुरु पूजन, भव्य अभिषेक एवं संपूर्ण विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ पावन शांतिधारा संपन्न की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से श्रुुत स्कन्द विधान में कुल 51अर्घ्य समर्पित किए।
अध्यक्ष संजय जैन एवं मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि विधान के उपरांत दिगंबर जैन आदिनाथ महिला मंडल द्वारा समस्त शास्त्रों और मां जिनवाणी की पूर्ण श्रद्धा व समर्पण,सेवा के साथ सफाई कर नए सुंदर कवर (वेष्टन) चढ़ाए गए। पूजन के बाद सभी श्रद्धालुओं ने मां जिनवाणी को मस्तक पर विराजमान कर वेदियों की परिक्रमा की। इस दौरान पूरा जिनालय मां जिनवाणी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्रद्धेय जैन, उपाध्यक्ष नीरज जैन , सहसचिव बंशी लाल, टैगोर नगर मंदिर से नवीन जैन, समित जैन, विजय जैन, पलक जैन तथा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सरिता जैन सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी समाजजन उपस्थित रहे।