रायपुर
निजी बिल्डर की बनाई सडक़ तोड़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जून। राज्य गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने सेजबहार फेस-1 कॉलोनी स्थित अपनी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निजी बिल्डर द्वारा बनाई जा रही अवैध सडक़ को हटाकर जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया है। मंडल का कहना है कि संबंधित भूमि भविष्य की आवासीय परियोजनाओं के लिए सुरक्षित रखी गई है।
बताया गया कि दीनदयाल आवास योजना के तहत वर्ष 2006 में ग्राम सेजबहार और दतरेंगा की 21.538 हेक्टेयर (करीब 53.19 एकड़) भूमि मंडल को आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए आवंटित की गई थी। इस परियोजना के लिए 17 मई 2006 को विकास अनुज्ञा भी स्वीकृत हुई थी।
स्वीकृत ले-आउट के अनुसार क्षेत्र में 1435 एलआईजी (लो इनकम ग्रुप) आवास प्रस्तावित थे। इनमें से 1327 आवास स्वीकृत नक्शे के अनुरूप बनाए गए, जबकि 39 आवास ले-आउट से अलग निर्मित पाए गए। इस तरह कुल 1366 आवासों का निर्माण किया गया।
यह बताया गया कि निर्माण अवधि के दौरान भूमि विवाद उत्पन्न होने से भवन क्रमांक 1287 से 1345 तथा 1412 से 1431 तक कुल 79 आवासों का निर्माण नहीं हो सका। विवादित क्षेत्र में प्रस्तावित इन आवासों का विक्रय भी नहीं किया गया।
हाल ही में मंडल ने अपनी लगभग 18 हेक्टेयर भूमि का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सीमांकन कराया। इस दौरान पता चला कि एक निजी बिल्डर मंडल की जमीन के हिस्से पर कब्जा कर सडक़ निर्माण कर रहा है। सीमांकन रिपोर्ट में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई।