रायपुर

जोरा राशन दुकान में गड़बड़ी, संचालक पर हेराफेरी दर्ज
18-Jun-2026 5:32 PM
जोरा राशन दुकान में गड़बड़ी, संचालक पर हेराफेरी दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 जून। जोरा स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में (पीडीएस) चावल वितरण में अनियमितता सामने आई है। समिति अध्यक्ष और विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। खाद्य विभाग की जांच में दुकान के स्टॉक से 389.24 क्विंटल चावल की कमी पाई।

शिकायत पर खाद्य निरीक्षक,  जोरा शासकीय उचित मूल्य दुकान की प्रभारी अधिकारी सरिता अग्रवाल ने थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उचित मूल्य दुकान आईडी क्रमांक 442001026, जिसका संचालन महामाया खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित रायपुर द्वारा किया जाता है। वहां जांच के दौरान चावल के स्टॉक में 389.24 क्विंटल की कमी पाई गई।

जांच के बाद दुकान के अध्यक्ष, विक्रेता टोपेश्वर साहू सहित  जिम्मेदार व्यक्तियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही खाद्यान्न की कमी की भरपाई करने और शासन को हुए नुकसान की राशि जमा करने के निर्देश भी दिए गए थे। वसूली के लिए राजस्व वसूली प्रमाण पत्र (आरआरसी) की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई। लेकिन आरोपियों  न तो खाद्यान्न की प्रतिपूर्ति की और न ही राशि जमा की गई।

खाद्य विभाग के अनुसार इस अनियमितता से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए आवंटित शासकीय खाद्यान्न की क्षति हुई । शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचा। जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित संचालकों ने छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 की विभिन्न कंडिकाओं का उल्लंघन किया है।

शिकायत के आधार पर थाना तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 318(4) और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट