रायपुर

बिजली की दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में साय सरकार का पुतला फूंका
17-Jun-2026 10:02 PM
बिजली की दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में साय सरकार का पुतला फूंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 जून। बिजली की दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत शहर जिला कांग्रेस ने बुधवार को डंगनिया स्थित उर्जा भवन के सामने प्रदर्शन किया। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार महंगाई से आम जनता को तिल तिलकर मार रही है।

  डंगनिया मुख्यालय के गेट पर घंटे भर से अधिक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेसजनों ने साय सरकार का पुतला जलाया। इस दौरान पुलिस की भारी व्यवस्था की गई थी ?। इस प्रदर्शन को शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व पार्षद सुंदर जोगी ने संबोधित किया। इनका कहना था कि भाजपा सरकार द्वारा एक बार फिर आम जनता के जेब में डाका डालने का प्रयास करते हुए बिजली की दरों में बेतहाशा वृद्धि कर दिया है जिसके तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर घरेलू उपभोक्ता के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी के साथ-साथ किसानों के कृषि विद्युत दर में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है जिससे आम जनता व किसानों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ेगा।


अन्य पोस्ट