रायपुर

25 लाख डोनेशन का झांसा, महिला समिति के बैंक खाता का दुरूपयोग, एफआईआर
16-Jun-2026 6:45 PM
25 लाख डोनेशन का झांसा, महिला समिति के बैंक खाता का दुरूपयोग, एफआईआर

बैंक जांच में सामने आया खाता से हवाला के लाखों रूपए का लेनदेन

अभनपुर थाना में दर्ज मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 जून। अभनपुर इलाके में समिति के खाता से बगैर सूचना के लाखों के लेनदेन का मामला सामने आया है। महिला ने राहुल नाम के व्यक्ति पर स्वयंसेवी संस्था के बैंक खाते का दुरुपयोग कर लाखों रुपए के  लेनदेन किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर व्यक्ति के खिलाफ 3(5), 318(4) का अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

ब्लॉक कॉलोनी अभनपुर निवासी कविता सारथी ने बताया कि उनकी संस्था नारी शक्ति महिला विकास समिति का पंजीयन वर्ष 2011 में हुआ था। संस्था का बैंक खाता स्टेट बैंक अभनपुर शाखा में संचालित है। वर्ष 2025 में राहुल नामक व्यक्ति से उनकी पहचान एक परिचित महिला के माध्यम से हुई थी। राहुल ने स्वयं को समाजसेवी बताते हुए एक कंपनी से संपर्क कराने की बात कही, जो समिति को महिलाओं के लिए सिलाई मशीन खरीदने के लिए 25 लाख रुपए का दान देना चाहती थी। इसके बाद 18 अप्रैल 2025 को कविता सारथी नागपुर पहुंचीं। जहां राहुल ने उनकी मुलाकात राजवीर सिंह से कराई।

राजवीर सिंह ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए संस्था से संबंधित दस्तावेजों की फाइल देखी। फाइल में बैंक खाते, ईमेल आईडी, क्यूआर कोड तथा इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी जानकारी भी मौजूद थी। अगले दिन कंपनी के अधिकारियों से मुलाकात कराने का आश्वासन देकर राजवीर सिंह होटल से चला गया और फिर वापस नहीं लौटा। बाद में उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला।

कविता सारथी ने बताया कि रायपुर लौटने के बाद उसके पास लोगों के फोन आने लगे। जिनमें उनके खाते में पैसे जमा होने और वापस लौटाने की मांग की जा रही थी। बैंक में जानकारी लेने पर पता चला कि खाते में बड़ी राशि जमा हुई थी। जिसे तत्काल अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। खाते में बचे 30 हजार रुपए निकाले गए। जबकि शेष राशि को होल्ड करा दिया गया। वर्तमान में समिति का बैंक खाता भी होल्ड पर है। इस प्रकार दान दिलाने के नाम पर राहुल और राजवीर सिंह ने बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग कर समिति के खाते का इस्तेमाल कर साइबर धोखाधड़ी की। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट