रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जून। शादी समारोह के बहाने एक युवक को रायपुर बुलाकर उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। मुजगहन पुलिस ने राहुल की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महासमुंद निवासी राहुल नायक 21 ने मुजगहन थान में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 5 जून को उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि पंडरी में शादी का कार्यक्रम है। जिसके लिए अज्ञात ने उसके जीजा के मोबाइल के इनविटेशन और क्यूआर से 500 रुपए भी ट्रांसफर किए गए हैं। इसके बाद राहुल 6 जून को रायपुर पहुंचा और अपनी बुआ के घर रुका।
शाम को फिर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल कर आरोपियों ने उसे संतोषी नगर चौक बुलाया। वहां पहुंचने पर कुछ युवक उसे बाइक में बैठाकर कमल विहार स्थित शराब भट्टी के पास ले गए। जहां उसे े डराया-धमकाया और उसके पास रखे एक ऑक्टोपैड, आईफोन, मोबाइल और 1 हजार नकदी छीन लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मुंह पर पट्टी बांध दी। इसके बाद उसे बाइक में बैठाकर भाठागांव के सुनसाज जगह पर छोडक़र वहां से फरार हो गए।
राहुल नायक की शिकायत पर मुजगहन पुलिस ने धारा 309 के तहत अपराध दर्ज किया है। बताए गए हुलिए, मोबाइल नम्बर और स्थान के आधार पर आरोपियों तलाश की जा रही है।


