रायपुर
रायपुर, 13 जून। राजधानी के मोवा स्थित ऑरेंज काउंटी में रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ क्रूरता और प्रताडऩा का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया का अपराध पाए जाने पर धारा 85 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। तृप्ति देवांगन ने शिकायत में बताया कि उसका विवाह 26 फरवरी 2001 को गोपाल कृष्ण देवांगन के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति शराब के नशे में मारपीट करता था, गाली-गलौज करता था और छोटी-छोटी बातों पर अपमानित करता था। उसने आरोप लगाया कि पति अक्सर मायके से रुपये लाने का दबाव बनाता था तथा मना करने पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़़त करता था।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पति उसके चरित्र पर संदेह कर आरोप लगाता था और कई बार जान से मारने की धमकी देता था। महिला ने आरोप लगाया कि पति के अन्य महिलाओं से संबंध हैं तथा वह लंबे समय से परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहा है। महिला के अनुसार पति उसे और बच्चों के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त राशि भी नहीं देता था।
पीडि़ता ने बताया कि उसने पहले भी महिला थाना में शिकायत की थी, जिस पर काउंसलिंग कराई गई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। काउंसलिंग विफल होने के बाद उसने पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपी पति के विरुद्ध धारा 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


