रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 12 जून। जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बुढ़ाबगीचा में ‘मोर गांव-मोर पानी ’ महाअभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने खेत में गड्ढा खोदकर ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण हेतु 5 प्रतिशत मॉडल विकसित करना है। इसी क्रम में शुक्रवार को पंचायत भवन के समीप आयोजित कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज ने श्रमदान कर 5 प्रतिशत मॉडल की शुरुआत की। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल के संरक्षण और भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए अपने खेतों में जल संरचनाएं विकसित करने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि मोर गांव-मोर पानी महाअभियान की शुरुआत 5 जून 2026 से की गई है। अभियान के तहत जिले के सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को अपने खेतों में 5 प्रतिशत मॉडल अपनाने तथा स्वयं श्रमदान कर जल संरक्षण की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे, पंचायत इंस्पेक्टर फुलमोहन राम, पूर्व सरपंच ललन राम, सचिव डी.डी. मरावी, कृष्णा गुप्ता, विक्की गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


