रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षीय रिकार्ड कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर भाजपा, महिला मोर्चा और विधायक मंत्रियों ने बुधवार को मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना हवन किया।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक सुनील सोनी आकाशवाणी तिराहा स्थित काली मंदिर में पूजा अर्चना आरती की। इस कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष रमेश ठाकुर, एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी, उपाध्यक्ष ललित जैसिंग, महामंत्री गुंजन प्रतापति, सत्यम दुवा समेत कई नेता मौजूद रहे। महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े राजधानी के खाटू श्याम मंदिर पहुंचीं,।जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प की निरंतर सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की।
वहीं गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में विधायक पुरंदर मिश्रा ने हवन किया। इस मौके पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा भी शामिल हुए।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के आह्वान पर मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेशभर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं राष्ट्र कल्याण प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की गौरवशाली उपलब्धियोंको जन-जन तक पहुँचाने का अभियान भी महिला मोर्चा के द्वारा चलाया जाएगा। काली मंदिर में हवन कुंड के पास बैठने को लेकर कार्यकर्ताओं में खींचतान, कहासुनी देखी गई। यहां तक कि मंत्री नेताम भी धक्का मुक्की का शिकार हुए। शहर अध्यक्ष ठाकुर को यह कहते सुना गया है मेरे लिए बैठने की जगह नहीं है,कहां है मेरी जगह।


