रायपुर

प्री मानसूनी से राहत, कई इलाकों में ब्लैकआउट
09-Jun-2026 7:17 PM
 प्री मानसूनी से राहत, कई इलाकों में ब्लैकआउट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 जून। भीषण गर्मी और उमस से परेशान राजधानीवासियों को सोमवार देर रात हुई बारिश से राहत दी। मौसम विभाग ने इसे मानसून पूर्व गतिविधि बताया है और संकेत दिए हैं कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि मंगलवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। 11 जून से मौसम गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश से उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। सोमवार दोपहर बाद राजधानी में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन तेज हवाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कुशालपुर इलाके में एक ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से उसका कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते इलाके में छह घंटे तक बिजली प्रभावित रही। अंधड़ का असर शहर भर में देखने को मिला। कई स्थानों पर बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर फट गए, जबकि पेड़ों की टहनियां टूटने और बिजली लाइनों पर असर पडऩे से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


अन्य पोस्ट