रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जून। प्रदेश में मानसून की देरी के बीच प्रदेश के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है। सोमवार सुबह बदली के साथ दिन की शुरूआत हुई। दोपहर बाद एक बार फिर शहर को बदली ने घेरा और राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। हालांकि लोग गर्मी उमस से परेशान रहे। इस बीच मौसम विभाग ने आज देर शाम तक 28 जिलों में गरज-चमक, आकाशिय बिजली, और 40 किमी की रफ्तार की हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 8 से 14 जून के बीच छत्तीसगढ़ के जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी है। कई जिलों गरज,चमक के साथ तेज अंधड़ का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 11 और 12 जून को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक फैली द्रोणिका (ट्रफ लाइन) के प्रभाव से प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2 से 3 दिनों में इसके मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष हिस्सों तथा बंगाल की खाड़ी के कई क्षेत्रों में आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।


