रायपुर

मोदी के 12 साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है -गौर
08-Jun-2026 7:00 PM
मोदी के 12 साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है -गौर

ओबीसी के कारण हम सरकार में-ओपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 जून। मध्यप्रदेश सरकार की राज्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कृष्णा गौर ने  कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के आधार पर 5 जून से 21 जून तक ओबीसी मोर्चा के कार्यक्रम को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करना है। सोशल मीडिया के माध्यम से प्रत्येक कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार हमें करना है। श्रीमती गौर रविवार को प्रदेश कार्यालय में आहूत मोर्चा की संगठनात्मक बैठक को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान श्रीमती गौर ने दीपकमल पत्रिका विशेषांक का विमोचन भी किया।

बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रदेश में 52 प्रतिशत से भी ज्यादा ओबीसी वर्ग के लोग निवासरत हैं और 32 प्रतिशत एस टी, 13 प्रतिशत एससी वर्ग के लोग निवासरत हैं। प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा में सभी वर्गों के साथ ओबीसी समाज के मतदाता भी जीत-हार का निर्णायक फैसला करते हैं। और समाज के कारण ही हम सरकार में हैं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के अभियान के प्रदेश प्रभारी अखिलेश सोनी ने 5 जून से 25 जून तक के ओबीसी मोर्चा के कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं स्टेट वेयरहाउस कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि पंच से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के कार्यकर्ता हैं। बैठक के प्रारम्भ में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन के कार्यक्रम व आने वाली योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

बैठक का संचालन महामंत्री उपकार चंद्राकर व आभार प्रदर्शन अशोक सिन्हा ने किया।


अन्य पोस्ट