रायपुर

डंगनिया लूट: पुलिस संदेहियों के आगे-पीछे हो रही, चार महीने में सबसे बड़ी वारदात
07-Jun-2026 8:26 PM
डंगनिया लूट: पुलिस संदेहियों के आगे-पीछे हो रही, चार महीने में सबसे बड़ी वारदात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 जून। शहर के डंगनिया इलाके में शनिवार रात 10 लाख रुपए की लूट हुई। गैस एजेंसी के मैनेजर श्रवण साहू को अज्ञात लुटेरों ने लूटा। वह टाटीबंध गैस एजेंसी में मैनेजर है। शाम वह पैसे लेकर जा रहा था।इस घटना के बाद उसने  स्वयं फोन कर डीडी नगर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद हडक़ंप मच गया। पुलिस ने पूरे शहर को अलर्ट जारी किया है। राजधानी को कमिश्नर सिस्टम लागू करने के बाद पिछले  4 महीने में यह सबसे बड़ी लूट की घटना है।

जानकारी के अनुसार टाटीबंध स्थित एचपी गैस एजेंसी के सुपरवाइजर श्रवण साहू को एजेंसी संचालक ने अग्रसेन चौक स्थित एक पार्टी से भुगतान की राशि लेने भेजा था। श्रवण कार से वहां पहुंचे और करीब 10 लाख रुपये लेकर वापस टाटीबंध लौट रहे थे। इसी दौरान एजेंसी को एक उपभोक्ता ने गैस लीकेज की शिकायत की। संचालक ने श्रवण को ग्राहक का लोकेशन भेजकर लीकेज का समाधान करने के निर्देश दिए।

पुलिस के मुताबिक श्रवण डंगनिया बाजार के पास लोकेशन पर पहुंच कार रोकने के बाद वह नकदी से भरा बैग लेकर नीचे उतरे ही थे कि बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि श्रवण संभल पाते, बदमाशों ने पर भर में उनके हाथ से नोटों से भरा बैग छीना और तेजी से फरार हो गए।  इन्हें भागते हुए राहगीरों ने भी देखा है।

जांच अधिकारियों को आशंका है कि बदमाशों को नकदी ले जाए जाने की पहले से जानकारी थी। जिस सटीक तरीके से आरोपियों ने श्रवण को निशाना बनाया, उससे रेकी की आशंका मजबूत हुई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या किसी ने भुगतान की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई थी।

घटनास्थल और उसके आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को भी जांच में लगाया गया है।

डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने बताया कि डंगनिया में लूट की घटना हुई है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट