रायपुर

मानसून की दस्तक 12 के बाद किसी भी दिन
07-Jun-2026 8:25 PM
मानसून की दस्तक 12 के बाद किसी भी दिन

तब तक तापमान यूं गर्म रहेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 जून। दक्षिण पश्चिम मानसून  अपनी रफ़्तार से बढ़ रहा है। दक्षिण पश्चिम मानसून रविवार को नागालैंड, मणिपुर,  मिजोरम, त्रिपुरा के कुछ भाग, असम और अरुणाचल प्रदेश में पहुंच गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियों अनुकूल है। अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ भाग आंध्र प्रदेश के कुछ भाग, तमिलनाडु के शेष भाग, छत्तीसगढ़ के कुछ भाग, उड़ीसा के कुछ भाग, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ भाग में पहुंचने की संभावना है।

कल सोमवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटें पडऩे और  1-2 स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में अभी विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि 12 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इसी दौरान मानसून की दस्तक हो सकती है। तब तक तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा।

रविवार दोपहर ढाई बजे जगदलपुर में पारा 37.2 रायपुर में 41.6, बिलासपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस चढ़ा हुआ था। वहीं पेंड्रा में 37,और अंबिकापुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


अन्य पोस्ट