रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जून। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए पटना-सिकंदराबाद एक्सप्रेस की बी-4 कोच से पानी से भरी बिसलेरी की बोतलें जब्त की हैं। सूत्रों के अनुसार, स्टेशन पर सक्रिय अवैध वेंडरों द्वारा इन बोतलों को यात्रियों को बेचने ट्रेन में चढ़ाया गया था।
जानकारी के मुताबिक रेलवे स्टेशनों पर अधिकृत रूप से यात्रियों को रेल नीर उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन इसके बावजूद निजी ब्रांड की पानी की बोतलों की अवैध बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। बताया जा रहा है कि कुछ वेंडर नियमों की अनदेखी कर ट्रेनों में बिना अनुमति पानी और अन्य सामग्री बेच रहे हैं।
मामले की सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित कोच से बोतलों को उतरवाकर जब्त कर लिया। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बोतलें ट्रेन में किसके द्वारा चढ़ाई गई थीं और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।


