रायपुर

कई जिलों में अंधड़ और बारिश का अलर्ट, उमस बढ़ेगी
03-Jun-2026 7:19 PM
कई जिलों में अंधड़ और बारिश का अलर्ट, उमस बढ़ेगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जून। राजधानी सहित प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज नरम बना हुआ है। मंगलवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई जिलों में दिनभर बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली का दौर चलता रहा।

पिछले दो दिनों से प्रदेश में तापमान में गिरावट और मौसम की नरमी के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। इस बीच तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया है।

मौसम विभाग ने बुधवार शाम के लिए प्रदेश के कई जिलों में अंधड़ और बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, महासमुंद, कोरबा, पेंड्रा-गौरेला-मरवाही, मुंगेली, सूरजपुर, सरगुजा, कोरिया और बलरामपुर जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है।

इन जगहों में देर शाम 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बादलों और नमी बढऩे से कई इलाकों में उमस में वृद्धि महसूस की जा सकती है।

मानसून आगे बढ़ रहा : दक्षिण पश्चिम मानसून के दक्षिण पश्चिमी अरब सागर और दक्षिण पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल के कुछ भाग और तमिलनाडु की कुछ भाग, दक्षिण पश्चिम बंगाल के खाड़ी, पश्चिम मध्य बंगाल के खाड़ी, पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में अगले 24 घंटे में आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है।

एक पश्चिम में विक्षोभ पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।  प्रदेश में कल 4 जून को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।  प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है।  प्रदेश में अधिकतम तापमान में हल्की उतार-चढ़ाव के साथ कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है ।


अन्य पोस्ट