रायपुर
धरसीवां थाना में अमानत में खयानत का मामला दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जून। रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर के दो ट्रक चालकों पर गबन का आरोप लगा है। लाखों का लोहा लोड कर पुणे भेजे गए दो ट्रकों के माल रास्ते से गायब हो गए। ट्रांसपोर्ट व्यवसायी हरेश नाथ तिवारी की शिकायत पर धरसीवां पुलिस ने शिवेंद्र कुमार यादव और भरत यादव के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।
रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर निवासी हरेश नाथ तिवारी ट्रांसपोर्टिंग का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने 22 मई को सिलतरा स्थित जायसवाल निको कंपनी से अपने दो ट्रकों में लोहे का माल लोड कराया था। ट्रक सीजी 04 एमए 5935 में 28.590 टन और सीजी 04 एलएक्स 0120 में 29 टन लोहा लोड कर महराष्ट्र के पुणे स्थित मुड़वा के लिए रवाना किया गया था।
जिसमें शिवेंद्र कुमार यादव और भरत यादव ट्रक चालक गए थे। पुणे जाने से पहले दोनों ट्रक चालकों का 50-50 हजार रूपए का भुगतान भी किया गया था। जिसके बाद ट्रक रवाना किया गया। लेकिल दोनों ही ट्रक तय समय पर नहीं पहुंचे।
शिकायत में बताया गया कि दोनों चालक माल को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के बजाय महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के एमआईडीसी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजस्थान हरियाणा काठियावाड़ी होटल के पास रुक गए। जहां ट्रकों में लोड लोहे के कुछ हिस्से को बेच दिया और बाद में दोनों वाहन वहीं खड़े कर फरार हो गए। गाड़ी नहीं पहुंचने पर अन्य लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान 30 मई को एक अन्य ट्रक चालक ने उन्हें इस संबंध में सूचना दी।
पुलिस ने शिकायत पर दोनों चालकों के खिलाफ धारा 316(4), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना लिया गया। पहचान के लिए फरार आरोपियों के आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी पुलिस को दिया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।


