रायपुर

सडक़ किनारे ठेला कारोबारियों पर टैक्स
01-Jun-2026 7:40 PM
सडक़ किनारे ठेला कारोबारियों पर टैक्स

नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जून। नगरीय निकाय अब सडक़ किनारे कब्जा कर दुकान ठेले लगाकर फल सब्जी और अन्य कारोबारियों से टैक्स वसूल कर सकेंगे। इसकी शुल्क दरें छत्तीसगढ़ शासन के राजपत्र में अधिसूचित कर दी गई हैं। यह वसूली इसी वित्तीय वर्ष में अगले कुछ दिनों से होने लगेगी। कारोबारियों को अप्रैल से यह शुल्क देना होगा।

नगर निगम, पालिका और नगर पंचायत क्षेत्र में व्यापार करने को लेकर नया टैक्स सिस्टम लागू किया गया है। जिसमें की जो कोई भी व्यापार किया जा रहा है  उसकी साइज के आधार पर यह  टैक्स लगाया जाएगा। चाहे वह गुमटी हो, ठेला हो, वाहन या टेंट नुमा कोई दुकान हो या किसी भी प्रकार का परिसर हो। हर जगह के लंबाई चौड़ाई माप के अनुसार किसी भी दुकान पर लागू होगा। इसके समस्त अधिकार नगर निगम और नगरी एवं पंचायत के क्षेत्र के अधिकारी को प्राप्त है।  व्यापारी को व्यापार चालू करने, बंद करने अथवा जगह बदलने और किसी भी प्रकार के व्यापार की जगह को बंद करने की जानकारी सक्षम अधिकारी को देनी होगी। और  सक्षम अधिकारी  किसी को भी व्यापार करने से कभी भी रोक सकता है।  इसमें  व्यापार की जगह कितनी भी हो उसका पूरा टैक्स लिया जाएगा। चाहे व्यापार कितनी भी जगह में किया जा रहा है। यह टैक्स प्रॉपर्टी टैक्स से अलग है और हर व्यापारी पर लागू होगा।

जानकारों ने इस टैक्स की गणना को जटिल  बताते हुए आशंका जताई है कि यह  आसानी से व्यापारियों को समझ नहीं आएगा जिसका फायदा कोई भी अधिकारी और कर्मचारी उठाएगा। यहां बता दें कि इस अधिसूचना के प्रकाश में ही महापौर मीनल चौबे ने पिछले दिनों एक बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया था कि  ठेला, टेंट लगाकर सडक़ किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों का सत्यापन करें। इस दौरान निगम यह नाप-जोख भी करेगा।


अन्य पोस्ट