रायपुर
चक्रवात और द्रोणिकाएं सक्रिय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जून। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म रहा। जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को राजधानी में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहे। इस दौरान शाम तक गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य पाकिस्तान से आंध्र प्रदेश तट तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होकर गुजर रही है। विदर्भ और उससे लगे उत्तरी तेलंगाना के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इससे जुड़ी द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़, दक्षिण ओडिशा, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तथा पश्चिम-मध्य से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है। जिसके कारण आंधी और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।


