रायपुर

देवेन्द्र नगर, सिंधी कॉलेज से पंडरी सीधी सडक़ खोलने की जरूरत
31-May-2026 8:00 PM
देवेन्द्र नगर, सिंधी कॉलेज से पंडरी सीधी सडक़ खोलने की जरूरत

यह मास्टर प्लान की सडक़ भी है, कब्जे नहीं हटा पा रहा प्रशासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 मई। देवेंद्र नगर मुख्य मार्ग को  सिंधी कॉलेज होते हुए पंडरी के मुख्य मार्ग तक जोडऩे की मांग की गई है। यह सडक़ मास्टर प्लान में भी है। इस सडक़ की जमीन नजूल की है जो कब्जे में है।इस सडक़ के खुलने से 19 डबल डोर दुकानों की  वजह से कपड़ा मार्केट में यातायात समस्या नहीं रह जाएगी।

इस संबंध में पूर्व में महापौर एवं कलेक्टरों डा भूरे और डा सिंह दोनों ने जनदर्शन में सडक़ को शीघ्र खोलने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन आज दिनांक तक इस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। स्थिति यह है कि अब उस मार्ग पर कब्जाधारी बैठ चुके हैं।

छत्तीसगढ़ आरटीआई एक्टिविस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर ने देवेन्द्र नगर में एक्सप्रेस-वे के मुख्य मार्ग पर रास्ता खोले जाने का खुला विरोध करते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की है।

ठाकुर ने कहा कि राज्य शासन ने 30 अक्टूबर 2017 को ही उपरोक्त सडक़ को छत्तीसगढ़ राज्य राजमार्ग अधिनियम के तहत एक्सप्रेस हाईवे घोषित कर दिया था बाद में छत्तीसगढ़ रोड एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड ने वर्ष 2021 में पुन:  स्पष्ट कर दिया कि इस सडक़ पर निर्धारित स्थानों अर्थात इंटरचेंज से प्रवेश और निकास के अतिरिक्त अन्य किसी स्थान से प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं दी जाएगी। लेकिन सिटी मॉल के सामने मुख्य मार्ग में आकस्मिक रूप से रास्ता बना दिए जाने से दुर्घटनाओं की संभावना काफी बढ़ गई है। उन्होंने इसे जनहित के खिलाफ प्रशासनिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ सकता है।

ठाकुर ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस सडक़ की आवश्यकता जनता एवं कपड़ा मार्केट के व्यवसायियों को थी, उसे छोडक़र एक्सप्रेस-वे के मुख्य मार्ग पर निकासी का रास्ता क्यों बनाया गया है, यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ रोड एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि एक्सप्रेस-वे में प्रवेश एवं निकास केवल निर्धारित इंटरचेंज पर ही विभाग की अनुमति से किया जा सकता है। इंटरचेंज के अतिरिक्त किसी अन्य स्थान पर प्रवेश अथवा निकास दिए जाने का प्रावधान नहीं है।


अन्य पोस्ट