रायपुर
पाकिस्तान से छत्तीसगढ़ होकर एक द्रोणिका सक्रिय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मई। तपिश से हलाकान छत्तीसगढ़वासियों के लिए अच्छी खबर है। मानसून आने में भले ही 20-22 दिन की देरी हो लेकिन आज शुक्रवार से प्री मानसून की गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं। प्रदेश के मध्य क्षेत्र में कई स्थानों पर हल्की बारिश होने के संकेत हैं। मौसम विज्ञानियों ने इसे प्री मानसून की बारिश बताया है।
विभाग के अनुसार आसमानी वातावरण में एक द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से अंदरुनी उड़ीसा तक राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ 75 डिग्री पूर्व में स्थित है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन लगातार जारी है। प्रदेश में कल 30 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश के सभी संभागों में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है।


