रायपुर
साढ़े 5 लाख मकानों का चल रहा है निर्माण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मई। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लंबित करीब 1900 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। राशि जारी नहीं होने से हितग्राहियों को दूसरी और तीसरी किश्त का भुगतान नहीं हो पा रहा था, जिससे मकान निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे।
प्रदेश में वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत करीब साढ़े 5 लाख मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अगले 15 दिनों के भीतर राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक एक अप्रैल से अब तक प्रदेश में करीब एक लाख आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों को 10,021 करोड़ रुपये से अधिक की मदर सैंक्शन जारी किए जाने का स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर गरीब को पक्का घर’ का संकल्प तेजी से पूरा हो रहा है और इससे ग्रामीण गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना से प्रदेश के हजारों ग्रामीण परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा होगा तथा केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आवास निर्माण कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार जताया।


