रायपुर

खरोरा पुलिस ने ज्वेलर्स से कहा, अधिक जेवर लेकर न चलें
29-May-2026 8:15 PM
खरोरा पुलिस ने ज्वेलर्स से कहा, अधिक जेवर लेकर न चलें

23 दिन बाद भी लूट के आरोपी पकड़ से बाहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 मई। खरोरा में महावीर ज्वेलर्स के मैनेजर (टीकाराम शर्मा) से हुई 1 करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात की लूट के मुख्य आरोपी 23 दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इस बीच ग्रामीण जिला पुलिस ने आज खरोरा के सराफा कारोबारियों के साथ बैठक की।

इस दौरान उन्हें दुकान के बाहर  पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था ,उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरा रात्रि में सुरक्षा कर्मी तैनात करने कहा गया। इसी तरह से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की  रजिस्टर में एंट्री,अधिक मात्रा में आभूषणों  का एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने पर आवश्यक सुरक्षा के साथ परिवहन करने, संदिग्ध व्यक्ति पता चलने पर तत्काल  पुलिस को सूचित करने  के भी निर्देश दिये गए। बैठक में मां अम्बे ज्वेलर्स, गुरूचरण ज्वेलर्स, बालाजी ज्वेलर्स, महावीर ज्वेलर्स, सूरत सोना ज्वेलर्स, महालक्ष्मी ज्वेलर्स, विनायक ज्वेलर्स, रिखराज ज्वेलर्स, साधना ज्वेलर्स एवं अन्य सराफा व्यापारी  रहे।

यहां बता दें कि 5 मई की शाम को महावीर ज्वेलर्स के मैनेजर एक ब्रांच से दूसरी ब्रांच जेवर लेकर जा रहे थे। रास्ते में आंधी-बारिश के कारण जब वे तिल्दाडीह मोड़ के पास रुके, तब बाइक सवार 2-3 अज्ञात बदमाशों ने उन पर तलवार से हमला कर बैग छीन लिया। इसमें 1 करोड़ के जेवर थे।

 पुलिस का दावा है कि आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को घटना स्थल के पास एक खेत से अज्ञात लावारिस बाइक मिली है, जिसे खंगाला जा रहा है।


अन्य पोस्ट