रायपुर

दिनभर बदली-धूप के बीच गुजरा नौतपा का दूसरा दिन
26-May-2026 5:58 PM
दिनभर बदली-धूप के बीच गुजरा नौतपा का दूसरा दिन

तस्वीर/‘छत्तीसगढ़’


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 मई। राजधानी रायपुर में मंगलवार की सुबह मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिला। सुबह से ही आसमान में बादलों और सूरज के बीच आंख-मिचौली का दौर चलता रहा। कभी बादल छाते रहे तो कभी तेज धूप निकलने से लोगों को उमस  गर्मी का सामना करना पड़ा। दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा, लेकिन तापमान में किसी प्रकार की  कमी दर्ज नहीं की गई। दोपहर के समय पारा करीब 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जिससे लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल सकी।

रायपुर में सुबह के समय हल्के बादल छाने से लोगों को उम्मीद थी कि मौसम में कुछ राहत मिलेगी, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, तेज धूप और गर्म हवाओं ने परेशानी बढ़ा दी।

इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार राजनांदगांव और कवर्धा जिले में मौसम अचानक बदल सकता है। देर शाम 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार भी बताए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम तंत्र के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

शहर की सडक़ों पर आने जाने वाले लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। गर्मी और उमस के कारण लोगों को पसीने और बेचैनी का सामना करना पड़ा। वहीं इस भीषण गर्मी में ठेला- रिक्शा चालकों ने दोपहर की गर्मी से बचने सडक़ किनारे पेड़ की छांव का सहारा लिया।


अन्य पोस्ट