रायपुर

डीएमएफ में भानुप्रतापपुर को तरजीह, अंतागढ़ दरकिनार
26-May-2026 5:52 PM
डीएमएफ में भानुप्रतापपुर को तरजीह, अंतागढ़ दरकिनार

पीएमओ से शिकायत, कलेक्टर ने कहा आरोप गलत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर/रायपुर, 26 मई। कांकेर जिले में डीएमएफ की राशि के खर्च में भेदभाव का मामला प्रकाश में आया है। यह कहा गया कि फंड का बड़ा हिस्सा भानुप्रतापपुर में खर्च किया जा रहा है, और पिछले अंतागढ़-कोयलीबेड़ा क्षेत्र को उपेक्षित कर दिया गया है। स्थानीय नेताओं ने इसकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय में भी की है, और विशेषकर जिला पंचायत सीईओ पर आरोप लगाए हैं।

डीएमएफ के खर्चों और जिला पंचायत सीईओ हरीश मंडावी के खिलाफ शिकायत पर कांकेर कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि सीईओ पर आरोप लगाए गए हैं कि वो भानुप्रतापपुर के रहने वाले हैं, इसलिए डीएमएफ की राशि का ज्यादा हिस्सा वहां खर्च किया जा रहा है, यह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सीईओ हरीश मंडावी बालोद जिले के रहने वाले हैं। डीएमएफ के खर्च के नियम में यह साफ है कि खदान प्रभावित इलाकों को प्राथमिकता दी जाए। चूंकि भानुप्रतापपुर इलाके में ज्यादातर खदान है, इसलिए डीएमएफ की राशि भी वहां खर्च की गई है।

बताया गया कि अंतागढ़ के रहवासी तरूण रामटेके और जिला निर्माण समिति के कई नेताओंं ने प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायत में कहा कि कांकेर जिले के विकास के लिए आबंटित अधिकांश धनराशि का उपयोग भानुप्रतापपुर में किया जा रहा है। यहां स्पोर्ट्स एकेडमी, कोचिंग सेंटर, एजुकेशन हब, और लाइब्रेरी जैसे निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में पांच करोड़ रुपये की लागत से हॉस्पिटल का निर्माण किया जा रहा है। जबकि जिले के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्र अंतागढ़ और कांकेर संसदीय क्षेत्र के अन्य ग्रामीण अंचल में मूलभूत विकास कार्यों के लिए तरस रहे हैं।

यह भी कहा गया कि अंतागढ़ जैसे क्षेत्रों में विकास की कमी और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के कारण स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समान रूप से सभी क्षेत्रों तक नहीं पहुंच रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया कि सरकार ने अंतागढ़ में अपर कलेक्टर की पदस्थापना इसलिए की थी कि अंतागढ़ विधानसभा के अंतिम गांव से जिला मुख्यालय की दूरी 180 किलोमीटर पड़ती है। मगर अंतागढ़ में अपर कलेक्टर की शक्तियों को कम कर दायित्व कांकेर मुख्यालय में पदस्थ अपर कलेक्टर को दे दिया है, जिससे क्षेत्रवासी ठगा महसूस कर रहे हैं।

शिकायतकर्ताओं ने स्थानीय सांसद भोजराज नाग, और अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी पर निष्क्रियता के आरोप लगाए हैं। पत्र में अंतागढ़ और अन्य क्षेत्रों के लिए विशेष विकास पैकेज की भी मांग की गई है।


अन्य पोस्ट