रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मई। एमजी रोड स्थित गणेश इलेक्ट्रिकल्स में एंकर कंपनी का नकली सामान बेचने की शिकायत पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान दुकान से करीब 4 हजार रुपये कीमत के नकली स्विच, सॉकेट और अन्य इलेक्ट्रिकल सामान बरामद किए गए हैं। सूचना मिली थी कि लंबे समय से दुकान में एंकर कंपनी के नाम से नकली उत्पाद बेचे जा रहें है। शिकायत के आधार पर सोमवार को मौदहापारा थाना पुलिस ने दुकान में रेड कार्रवाई की।
बताया गया कि एंकर कंपनी के प्रतिनिधि राजा ठाकुर निवासी इंदौर की ओर से इसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान दुकान में कंपनी के नाम से मिलते-जुलते नकली उत्पाद पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने सामान जब्त कर लिया।
पुलिस ने दुकान संचालक मोहन नागवानी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 और 65 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच कर रही है कि नकली सामान कहां से मंगाया जा रहा था और इसे कितने समय से बाजार में बेचा जा रहा था।