रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मई। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर ने जनवरी 26 माह में धमतरी (छत्तीसगढ़) में आयोजित की गई अग्निवीर भर्ती रैली के विभिन्न पदों का अंतिम परिणाम आज आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। इसमें छत्तीसगढ़ के कुल 1163 युवाओं को सफलता प्राप्त हुई है। सभी उत्तीर्ण उम्मीदवारों को निर्देशित किया गया है कि वे 28 मई को सुबह 07 बजे अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ प्रारंभिक निर्देशों के लिए सेना भर्ती कार्यालय, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नया रायपुर में उपस्थित हों। यह संपूर्ण परीक्षा परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) पर सभी परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।
इसके साथ ही, सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सतर्कता संदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवारों को दलालों से पूरी तरह सावधान रहने की सलाह दी जाती है। इस भर्ती परिणाम, आगामी संदेशों या किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार सीधे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के टेलीफोन नंबर 0771-2965212 अथवा 2965214 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।