रायपुर

282 दुर्घटनाओं के घायलों का कैशलैस इलाज, ई चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने सीएस के निर्देश
25-May-2026 6:22 PM
282 दुर्घटनाओं के घायलों का कैशलैस इलाज, ई चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने सीएस के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 मई। मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय में सडक़ सुरक्षा को लेकर बैठक में ब्लैक स्पॉट सुधारने पर विशेष जोर दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और वहां आवश्यक सुधार कार्य तत्काल किए जाएं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से सडक़ों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए ताकि हादसों की आशंका खत्म हो सके।

साथ ही पीएम राहत योजना और पीएम ई-ड्राईव योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। मुख्य सचिव ने सर्वोच्च न्यायालय की कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी सडक़ दुर्घटना रेस्क्यू से संबंधित एसओपी के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने पीएम ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत ई-वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन की स्थापना में तेजी लाने को कहा। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्धारित स्थलों पर तत्काल ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अब तक 150 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। इन स्टेशनों पर पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत सब्सिडी भी दी जाती है।सचिव ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित उपचार मिलना सबसे जरूरी है। प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत घायलों का अस्पताल में कैशलेस उपचार किया जाता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, गृह-पुलिस, परिवहन तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि योजना के तहत अब तक 282 सडक़ दुर्घटनाओं में घायलों के उपचार के लिए पंजीकरण किया गया है। मुख्य सचिव ने इस योजना के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की और इसे और प्रभावी बनाने को कहा।


अन्य पोस्ट