रायपुर
विधायक, और जिला अधिकारी से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मई। महिला एवं बाल विकास विभाग रायपुर की आंबा सहायिकाओं ने पर्यवेक्षक की विधायक अनुज शर्मा से शिकायत की है। अपनी लिखित शिकायत में बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान के विवाहित जोड़ों से प्रति जोड़ा पांच हजार रुपये मांगने और 28 आंगनबाड़ी केंद्रों से रेडी टू ईंट की 56 बोरी अपने घर ले जाने की बात कही है। लिखित शिकायत पखवाड़े भर पहले जिला कार्यक्रम अधिकारी से भी की गई है।
रायपुर कचना सेक्टर की 56 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के द्वारा अपने सेक्टर सुपरवाइजर स्नेहलता गौतम पर सुपोषण चौपाल का हिस्सा मांगने, यात्रा भत्ता के बिल पर 50 प्रतिशत कमीशन लेने, गर्म भोजन थाली में 25 प्रतिशत की रिश्वत मांगने जैसे बेहद आरोप लगाया गया है।
इतना ही नहीं सेक्टर में संचालित 28 आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रत्येक केंद्र से रेडी टू ईट की 2 -2 बोरी बलात अपने घर लेजाने की भी शिकायत की गई है। शिकायत यही नहीं रुकी है। इन 28 28 आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रत्येक केंद्र से 2 -2 झाड़ू भी मांगे जाने की शिकायत की गई है।
लगभग 15-17 दिन पहले 8 मई को की गई लिखित शिकायत पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
दरअसल मुख्यमंत्री कन्यादान के विवाहित जोड़ों से प्रति जोड़ा पांच हजार रुपये मांगने और 28 आंगनबाड़ी केंद्रों से रेडी टू ईंट की 56 बोरी अपने घर ले जाने जैसी लिखित शिकायत कहीं न कहीं उनकी प्रशासनिक छवि को प्रभावित कर रही है।
अब तक कोई कार्यवाही नहीं किए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ ने डीपीओ के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। संघ की जिलाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी तिवारी ने 15 दिवस के भीतर जिला कार्यालय का घेराव करने की लिखित चेतावनी दी है। संघ के द्वारा दिए गए चेतावनी के दस दिन बीत गए हैं । उल्लेखनीय है कि पर्यवेक्षक पहले भी संचालक के द्वारा निलंबित की जा चुकी है।


