रायपुर
महिलाओं सहित कई लोग घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 मई । राजधानी मारपीट के मामले बढ़े है। डेढ़ दर्जन थानों में बीते दिनों मारपीट और घरेलू विवाद के मामलों दर्ज हुवे है। बीते 24 से 48 घंटे घंटे में गोबरा नवापारा,डीडीनगर, पुरानी बस्ती, देवपुरी और नेवरा इलाके में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवपुरी के गांधी चौक निवासी पूर्णिमा साहू ने अपने देवर प्रकाश नारायण साहू, मुरारी साहू और हर्ष साहू के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पीडि़ता के मुताबिक घर के सामने पानी गिरने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद तीनों ने एक राय होकर उसके और उसके पति कमल नारायण साहू के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में पूर्णिमा के हाथ और पैर में चोट आई है, जबकि उसके पति के चेहरे में दर्द बताया गया है।
वहीं डीडीनगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा में रहने वाली एक महिला मितानिन कर्मी ने अपने बेटे भीष्म साहू पर मारपीट का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार वह महिला आरोग्य समिति की बैठक से घर लौटी तो बेटा घर में गांजा पीते मिला। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचना पड़ा।
इधर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के लाखेनगर ढाल में भी मामूली बात पर विवाद हिंसक हो गया। मजदूरी करने वाले युवक ने शिकायत दर्ज कराई है कि गौरा-गौरी चौक के पास सूरज साहू उससे टकरा गया, जिससे उसका खाना गिर गया। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाबी से हमला कर दिया। बाद में उसके भाई गल्लू साहू ने भी मारपीट की। घटना में युवक की पीठ, हाथ और घुटने में चोटें आई हैं।
शुक्रवार रात नेवरा के सरोरा स्थित संभव पावर प्लांट परिसर में अनाधिकृत रूप से घुसे लक्की शर्मा साथियों ने कैंटीन में कर्मियों से मारपीट और तोड़ फोड़ की। वे लोग शराब पीने पैसे मांग रहे थे नहीं देने पर मारपीट की। कंपनी कर्मी दुर्गेश आडिल ने नेवरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर गोबरा नवापारा में शुक्रवार को दोपहर जामा मस्जिद के मुस्लिम समाज भवन में नयापारा में सामाजिक बैठक चल रही थी। इसमें शामिल होने रायपुर निवासी अयाज़ 22 भी गया था। बैठक के दौरान अल्तमश सिद्दीकी और अन्य 9 साथियों ने अयाज़ पर समाज को भडक़ाने का आरोप लगा मारपीट की। अयाज़ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।?
इधर अटल विहार कालोनी आरंग निवासी आकाश शर्मा ने शुक्रवार रात घरेलू काम काज की बात पर अपनी पत्नी रिचा शर्मा के साथ मारपीट की । राखी पुलिस ने संपत्ति बंटवारे के विवाद में दो पक्षों में मारपीट का मामला दर्ज किया है। नवा गांव तर्रा निवासी सोनसाय गायकवाड़ 56, भूपेंद्र अनुसुइया, पिंकी और पूर्णिमा धृतलहरे 31, पुन्नी डागेश्वरी के बीच के बीच संपत्ति विवाद को लेकर बीती देर रात मारपीट हुई।
दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने सभी मामले अलग - अलग धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।