रायपुर

दो घरों में चोरी पौने दो लाख के जेवर-नगदी पार
23-May-2026 6:32 PM
दो घरों में चोरी पौने दो लाख के जेवर-नगदी पार

रायपुर, 23 मई। राजधानी इलाके के दो घरों से पौन दो लाख की चोरी हो गई। इसमें कबीर नगर में मंदिर दर्शन करने गए दंपत्ति के घर दिनदहाड़े चोरी हो गई। वहीं खमतराई इलाके में बीमार ससुर को देखने उड़ीसा गए परिवार के सूने मकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर और नगदी रकम लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305 ए 331-3 का अपराध दर्ज कर किया है।

कबीर नगर पुलिस के मुताबिक हीरापुर ज्ञान भारती स्कूल के पास रहने वाली प्रमिला तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह 22 मई की सुबह 10 बजे अपने परिवार के साथ महादेव घाट मंदिर दर्शन करने गई थीं।  दोपहर 12.30 बजे जब वापस लौटने पर घर में लगा ताला खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर कमरे की आलमारी खुली हुई, और उसमें रखे  मंगलसूत्र सहित 8.830 ग्राम सोना, चांदी के जेवर और  8 हजार रुपए गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत  75 हजार 605 रुपए बताई गई है। उधर  खमतराई के कैलाश नगर बीरगांव में सूने मकान में अज्ञात चोरों ने लाखों के जेवर पार कर दिए।  जगमोहन ने बताया कि वह उरला स्थित एसकेए कंपनी में काम करता है। 18 मई को ससुर की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने परिवार के साथ उड़ीसा के बरगढ़ गया हुआ था।

22 मई की सुबह 10.30 बजे वापस लौटने पर घर का ताला खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर आलमारी के लॉकर का ताला टूटा हुआ था। आलमारी में रखे सोने के कंगन की एक जोड़ी, सोने की अंगूठी और कान की सोने की रिंग की एक जोड़ी गायब थे। चोरी गए जेवरों की कीमत 95 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट