रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 मई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान हीट वेव की चेतावनी जारी की है। वही 6 जिले यलो अलर्ट पर रहेंगे। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इस बीच लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
अगले 24 घंटों के लिए के लिए बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों के एक-दो स्थानों पर हीट वेव की चेतावनी है।
वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में भी कुछ स्थानों पर गर्म हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक तापमान ऐसा ही रहने वाला है। विभाग ने प्रदेश के इन जिलों में गर्मी का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कोरबा, गरियाबंद, बालोद तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में भी हीट वेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण अंदरूनी उड़ीसा और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से अंदरुनी उड़ीसा छत्तीसगढ़ होते हुए 1.5 कम ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास 3.1 कम ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में कल दिनांक 23 मई को मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है । प्रदेश में अधिकतम तापमान में अगले तीन दिनों में दो डिग्री के आसपास वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश के बस्तर संभाग में 26 मई से वर्षा का दौर प्रारंभ होने की संभावना है। मध्य क्षेत्र में 29 मई से वर्षा की गतिविधि प्रारंभ होने की सम्भावना बन रही है ।


