रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मई। नशीली वस्तुओं के आदतन कारोबारी कोतवाली और उरला इलाके के दो बड़े तस्करों को पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 माह के लिए जेल भेजा गया है। कोतवाली पुलिस ने मुकेश बनिया के आपराधिक इतिहास, मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में उसकी सतत संलिप्तता एवं समाज पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को दृष्टिगत रखते हुए विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया था, उपलब्ध तथ्यों, दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के परीक्षण उपरांत कमिश्नर ने डिटेंशन आदेश पारित किया । आदेशानुसार आरोपी को तीन माह की अवधि के लिए केंद्रीय जेल भेजा गया।
इसी तरह से उरला पुलिस ने भी बैसाखु ध्रुव बीएसयूपी कॉलोनी उरला के विरुद्ध डिटेंशन ऑर्डर जारी किया है। दोनों के विरुद्ध पूर्व से नार्कोटिक्स एक्ट के अंतर्गत विभिन्न प्रकरण पंजीबद्ध हैं तथा जांच में यह तथ्य सामने आया है कि वह लंबे समय से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय था।