रायपुर

फरारी से लौटा गोल्डी शर्मा और साथी एयरपोर्ट से गिरफ्तार
20-May-2026 6:25 PM
फरारी से लौटा गोल्डी शर्मा और साथी एयरपोर्ट से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 मई। सतनामी समाज के गुदगुदा गांव के सरपंच बालकुमार कुर्रे की पिटाई और जातिसूचक गाली गलौज करने वाले अमरदीप शर्मा उर्फ गोल्डी शर्मा और साथी अभिजीत शर्मा को आरंग पुलिस ने एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। पिछले सप्ताह 14-15 मई की रात मवेशी तस्करी को लेकर कथित गौ सेवक गोल्डी और साथियों ने यह घटना की थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था । उसके बाद सतनामी समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरंग थाने का घेराव कर दिया था। उसके खिलाफ शनिवार को एसटी एससी एक्ट का अपराध दर्ज किया जा चुका था। इसके बाद से गोल्डी और साथी फरार हो गए थे। वह फरारी दिल्ली में काट रहा था। वह आज सुबह विमान से लौटने की खबर पर पुलिस ने उसे एयरपोर्ट पर धर दबोचा। पुलिस उसे आरंग थाने ले गई है जहां उससे पूछताछ की गई। इस दौरान थाने के बाहर  सतनामी समाज के लोगों की भीड़ भी मौजूद है। उस पर कार्रवाई की मांग कर रही है।  आरंग डीएसपी लंबोदर पटेल ने वीडियो मैसेज में बताया कि इनकी गिरफ्तारी के लिए एयरपोर्ट पर लगातार नजर रखी जा रही थी। और आज दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और विशेष न्यायालय एट्रोसिटी में आज पेश किया जाएगा।

दूसरी ओर, सतनामी समाज के लोग एएसपी ऑफिस के सामने धरने पर बैठ गए हैं। इनके समर्थन में कांग्रेस नेता पंकज शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष राजेन्द्र बंजारे भी धरने में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट