रायपुर
पेड़ काटने से मना करने पर पड़ोसी ने डण्डे मारे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मई। टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संतोषी नगर के पिकासो बार में देर रात जमकर हंगामा हुआ। बार में विवाद कर रहे युवकों ने ग्राहकों के साथ मारपीट कर वहां तोडफ़ोड़ भी की। घटना में एक युवक घायल हो गया। बार के बाहर खड़ी गाड़ी में भी तोडफ़ोड़ की गई।
अवधपुरी भाठागांव निवासी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि वह शैलेन्द्र नगर में कैफे संचालित करता है। उसने शिकायत में बताया कि 17 मई की रात 11.30 बजे वह पिकासो बार गया था। इसी दौरान वहां बैठे फलेंद्र, लोमेश और उसके साथियों ने किसी बात को लेकर बार में झगड़ा शुरू कर दिया। वहां बैठे लोगों के साथ भी गाली गलौज की गई। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
मारपीट में अभिषेक के हाथ, सिर और माथे में चोट आई है। इस विवाद के दौरान उसकी एक्टिवा को भी नुकसान पहुंचाया गया। हंगामे के दौरान उसका सोने का ब्रेसलेट भी कहीं गिर गया। टिकरापारा पुलिस ने धारा 115(2), 296, 324(4), 351(2) एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर मोती नगर इलाके में बोर पाइप के पानी को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया।
विनोद साहू ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। 17 मई की रात 8 बजे वह अपने साथी कमलेश साहू के साथ घर के सामने बोर पाइप से नहा रहा था। इसी दौरान ऑटो सीजी 04 क्यूपी 5422 का चालक और उसके साथी वहां पहुंचे और पाइप को दबाने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
देवेंद्र नगर में पड़ोसियों के बीच विवाद, मारपीट हुआ। मामले में देव छुरा ने काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पड़ोसी परिवार पर हमला करने का आरोप लगाया है।
उसने बताया कि 17 मई की दोपहर 2 बजे पड़ोसी पितांबर बाघ अपने घर के आंगन में लगे बरगद के पेड़ की डालियां काट रहा था। उन्होंने मदद के लिए देव छुरा को बुलाया, लेकिन काम से जाने की बात कहने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
इस बात पर पितांबर बाघ ने गाली-गलौज कर धक्का-मुक्की की, और देव छुरा का गला पकड़ लिया। इस बीच उसकी पत्नी पलक बाघ ने थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने वालों के साथ भी मारपीट की गई। पितांबर बाघ के बेटे श्रेष्ठ बाघ ने लकड़ी के डंडे से हमला किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर रिपोर्ट दर्ज किया है।


