रायपुर

मंत्री-सांसदों की नहीं चल रही, भाजपा कार्यकर्ताओं में हताशा...
17-May-2026 10:10 PM
मंत्री-सांसदों की नहीं चल रही, भाजपा कार्यकर्ताओं में हताशा...

बस्तर शिविर में शामिल हो सकते हैं राहुल-भूपेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 मई। बस्तर में जून के आखिरी महीने में कांग्रेस के प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शिरकत करेंगे। यह जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में दी। उन्होंने सुशासन तिहार में मंत्री-सांसदों की नाराजगी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मंत्री-सांसदों की नहीं चल रही है और कार्यकर्ताओं की हताशा सामने आ रही है।

भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस के हर प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी शरीक हुए हैं। पहले गुजरात, पचमढ़ी और धर्मशाला शिविर में राहुल गांधी शामिल हुए थे। उम्मीद करते हैं कि यहां भी प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी निश्चित रूप से शामिल होंगे।

उन्होंने सुशासन तिहार पर कहा कि आंधी-तूफान के चलते बिजली और पानी की समस्या पैदा हो गई है और मुख्यमंत्री सुशासन तिहार मना रहे हैं। मंत्री अधिकारियों को गरियाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बृजमोहन अग्रवाल का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन किसी के नियंत्रण में नहीं है। वो नायब तहसीलदार पर भडक़े हुए थे। मंत्री और सांसद की स्थिति क्या है, यह पता चलता है। किसी की कोई चल नहीं रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं में हताशा है।

भूपेश बघेल ने कहा कि सराफा व्यवसायी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक साल सोना नहीं खरीदने की अपील का स्वागत कर रहे हैं। अगर वो कुछ बोलेंगे, तो ईडी और आईटी आ जाएगी। सराफा व्यवसायी कसमसा रहे हैं और कुछ नहीं कह पा रहे।


अन्य पोस्ट