रायपुर

सनातन के उन्मूलन की बात करने वालों का जनता करेगी उन्मूलन - बृजमोहन
13-May-2026 6:32 PM
सनातन के उन्मूलन की बात करने वालों का जनता करेगी उन्मूलन - बृजमोहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मई। तमिलनाडु विधानसभा में डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन धर्म के उन्मूलन की बात करते हैं, उनका उन्मूलन जनता खुद कर देगी।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सनातन धर्म भारत की संस्कृति, परंपरा और आस्था का मूल आधार है। करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़े विषय पर इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे बयानों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए सनातन धर्म पर अनर्गल बयानबाजी करते हैं, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। अग्रवाल ने कहा कि भारत की सनातन परंपरा हजारों वर्षों से चली आ रही है और इसे समाप्त करने की सोच रखने वालों को जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों का अपमान किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा।


अन्य पोस्ट