रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 मई। मौदहापारा पुलिस ने फल कारोबारी से 35 हजार रुपए लूटने वाले राजा बैझर और उसके साथी का इलाके में जुलूस निकाला। उसे थाने से निकाल कर मोहल्ले में घुमाया गया। दोनों को कल पर गिरफ्तार किया गया था।
आरोपियों ने जान-पहचान का फायदा उठाकर सुनसान गली में बुलाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार मौदहापारा क्षेत्र स्थित कल्लू गैरेज के पास रहने वाले शेख साहिल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह बाम्बे मार्केट में फल का ठेला लगाता है। 11 मई 2026 की रात 10.20 बजे वह दुकान बंद कर बिक्री रकम 36 हजार 600 रुपए लेकर अपने घर लौट रहा था। जब वह महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी की दुकान के पास पहुंचा, तभी उसके पिता का पुराना परिचित राजा बैझड़ अपने तीन साथियों के साथ वहां आ गए। राजा बैझड़ ने उसे इशारे से बुलाया और अल्ताफ का घर दिखाने के लिए कहा। जान पहचान होने के कारण वह उसके साथ गली की ओर चला गया।
इसी दौरान आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। उनमें से एक ने उसे पीछे से उसका गला पकड़ लिया। जबकि दो अन्य ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद राजा बैझड़ और उसके एक साथी ने चाकू दिखाकर उसकी पैंट की जेब में रखे 36 हजार 600 रुपए जबरन छीन लिए, और बाइक और एक्टिवा से फरार हो गए थे।