रायपुर

अगवा कर एटीएम से 10 हजार निकाले, मोहल्ले में चाकू लहराकर महिलाओं से मारपीट जान से मारने की धमकी
11-May-2026 9:44 PM
अगवा कर एटीएम से 10 हजार निकाले, मोहल्ले में चाकू लहराकर महिलाओं से मारपीट जान से मारने की धमकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 मई। टिकरापारा इलाके में तीन बदमाशों ने युवक को चाकू की नोक पर अगवा कर पैसा लूट लिए, वहीं न्यू सुभाष नगर में पुरानी रंजिश को लेकर महिलाओं के साथ मारपीट, चाकू लहराकर मोहल्ले में दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

टिकरापारा इलाके में तीन बदमाशों ने एक युवक से मारपीट कर चाकू की नोक पर एटीएम से 10 हजार रुपए निकल लिए। मामले में कुशालपुर निवासी विशाल ने पुलिस को बताया कि वह समता कॉलोनी स्थित मेडिकल दुकान में काम करता है। 8 मई की शाम करीब 5.30 बजे वह ई-स्कूटी से शंकर नगर जा रहा था। इसी दौरान साहू कॉम्प्लेक्स गोंडवाना भवन के पास टिकरापारा में वह सिगरेट पीने के लिए रुका था।

तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की। इसके बाद दो आरोपी उसकी स्कूटी पर बैठ गए और जबरन सिद्धार्थ चौक ले गए।

आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया और एटीएम से पैसे निकालने को कहा। डर के कारण उसने एटीएम से 10 हजार रुपए निकालकर आरोपियों को दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गए।  पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

वहीं एक अन्य मामले में न्यू सुभाष नगर निवासी पार्वती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 10 मई की शाम 6.15 बजे वह घर के सामने कपड़े धो रही थी। उसी दौरान राजा सेन, भूषण सेन और अन्य लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। दोनों युवकों ने पार्वती को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। और उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट करने की बात को लेकर विवाद करने लगे।

आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दे कर  ईंट-पत्थर से पार्वती पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची जेठानी योगिता निखारे के साथ भी मारपीट की गई।  राजा सेन और भूषण सेन एक-दूसरे के हाथ से लोहे का चाकू लेकर मोहल्ले में लहराते हुए लोगों को धमका रहे थे। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं 25, 27, 115(2), 296, 308, 3(5) और 351(2) का अपराध दर्ज

किया है।

भनपुरी में मामूली टक्कर के बाद झूमाझटकी

खमतराई भनपुरी इलाके में बाइक की टक्कर के बाद दो युवकों ने  गाली-गलौज और मारपीट कर दी। धनलक्ष्मी नगर निवासी सुमित ने शिकायत में बताया कि वह 10 मई की शाम 7 बजे अपनी बाइक से भनपुरी की ओर जा रहा था। इस बीच विजय चौक भनपुरी के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। इसके बाद बाइक सवार दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग बीच बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली गलौज कर झूमाझटकी की।


अन्य पोस्ट