रायपुर
परिमंडल, संभागीय कार्यालय तैयारी में जुटा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मई। डाक विभाग के महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता दो दिन के रायपुर दौरे पर आ रहे । श्री गुप्ता 14-15 मई को रायपुर में छत्तीसगढ़ परिमंडल का निरीक्षण और बैठक करेंगे। वे शहर या पड़ोस के किसी जिले में डाकघर का फील्ड विजिट भी कर सकते हैं। बीते दो दशक में किसी महानिदेशक का यह पहला दौरा बताया गया है।
परिमंडल और रायपुर संभागीय अमला महानिदेशक के दौरे में होने वाली अधिकारिक बैठकों की तैयारी में जुट गया है। श्री गुप्ता, पोस्टल बिजनेस को लेकर बीते 3-5 वर्ष की समीक्षा करेंगे। इनमें स्पीड पोस्ट, डाक जीवन बीमा, बचत बैंक, पोस्ट पेमेंट बैंक का कारोबार शामिल है।
हाल में सचिव डाक ने दिल्ली में सीपीएमजी की बैठक में कुछ निर्देश दिए थे। गुप्ता इसकी भी कंप्लायंस की जानकारी लेंगे। उनके दौरे को देखते हुए परिमंडल कुछ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी निपटा रहा है। कल ही भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार एक विभागीय निरीक्षक का इंटर सर्किल तबादला किया गया है। महानिदेशक का दौरा ऐसे समय हो रहा है जब विभाग रविवि उपडाकघर बचत बैंक घोटाले में उपभोक्ता आयोग के भुगतान आदेश, दंतेवाड़ा रिश्वत कांड और प्रदेश के अन्य जिलों के डाकघरों में गबन के मामलों से जूझ रहा है। समझा जा रहा है कि इन्हीं मामलों के प्रकाश में डीजी, सर्किल रिव्यू के लिए आ रहे हैं। श्री गुप्ता डीजी बनने से पहले मप्र में मुख्य पोस्टमास्टर जनरल रह चुके हैं। इस, नाते भी वे छत्तीसगढ़ परिमंडल की कार्यप्रणाली से परिचित रहे हैं।
इस बीच छत्तीसगढ़ परिमंडल में निदेशक जैसा अहम पद एक माह से अधिक समय से रिक्त है। एक अप्रैल को जारी आदेश में कानपुर के डाक निदेशक सुबोध प्रताप सिंह को रायपुर पदस्थ किया गया था। किंतु उन्होंने अब तक पदभार नहीं संभाला है। श्री सिंह यहां आने के अनिच्छुक बताए जा रहे हैं। इसे लेकर उन्होंने अपनी व्यक्तिगत समस्या के साथ एक अभ्यावेदन भी दिया है। वहीं परिमंडल के कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि भी डीजी से मिलकर अपनी समस्या मांगे रखेंगे।


