रायपुर
1 जून को होगा मतदान 4 जून को होगी परिणामों की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मई। नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप चुनाव के लिए अधिसूचना आज जारी होने के साथ नामांकन भी शुरू हो गया। 5 नगरपालिका अध्यक्ष के वार्ड के पार्षद के 77 पद, कुल 82 पदों तथा त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 तथा पंच के 1136 पद, कुल 1228 रिक्त पद की पूर्ति हेतु नाम निर्देशन पत्र 18 मई तक प्राप्त किये जाएंगे, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 19 मई को होगी तथा 21 मई तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। नगरीय निकायों में मतदान तिथि 01 जून एवं परिणामों की घोषणा 04 जून को की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायतों हेतु मतदान एवं मतगणना 1 जून
को की जाएगी, सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा 04 जून को की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही ऐसे नगर पालिकाओं के एवं पंचायत क्षेत्रों में जहां निर्वाचन सम्पन्न होना है, आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया की आयोग द्वारा आम/उप निर्वाचन हेतु विहित कार्यक्रम जारी कर जिला निर्वाचन अधिकारियों को, कार्यक्रम अनुसार निर्वाचन की कार्यवाही करने के निर्देश प्रसारित कर दिये है।
निर्वाचन कार्यक्रम अनुसार नगरीय निकायों के कुल 44525 मतदाता तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के कुल 1037789 मतदाता निर्वाचन में भाग लेंगें। मतदान के लिए नगरीय निकायों के निर्वाचन हेतु कुल 115 तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के अंतर्गत कुल 937 मतदान केन्द्र निर्धारित किये गये है।
नगरीय निकायों के निर्वाचन दलीय आधार पर ई व्ही एम. (मतदान मशीनों) से तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन गैर दलीय आधार पर मतपेटी के माध्यम से कराए जाएंगे। सभी नगरीय निकायों में मतदान प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक तथा त्रिस्तरीय पंचायतों में मतदान प्रात: 7 बजे से अपरान्ह 3बजे तक होगा। मतदान के समय मतदाताओं के पहचान को सुगम बनाने के लिए आयोग द्वारा 18 पहचान पत्र निर्धारित किए गए है जिसमें से किसी भी एक पहचान पत्र को मतदाता द्वारा प्रस्तुत किए जाने पर मतदान केन्द्र के पीठासीन अधिकारी द्वारा मतदान की अनुमति दी जा सकेगी।
आयोग की सचिव, श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी ने बताया निर्वाचन में पारदर्शिता एवं आदर्श आचरण संहिता के पालन तथा नगरीय निकायों में अध्यक्ष पदों के लिए निर्धारित व्यय सीमा पर निगरानी रखने के लिये कुल 5 व्यय प्रेक्षक नियुक्त किये गये है तथा समस्त निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी हेतु 33 सामान्य प्रेक्षक की नियुक्ति कर ली गई है।


