रायपुर

जय स्तंभ चौक पर दिखी इंसानियत
10-May-2026 10:55 PM
जय स्तंभ चौक पर दिखी इंसानियत

 शनिवार की रात जय स्तंभ चौक पर एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जिसने यह एहसास कराया कि इंसानियत आज भी जिंदा है। रात लगभग 9 बजे जय स्तंभ चौक पर तेज बारिश के बाद सडक़ पर कीचड़ और गंदगी फैली हुई थी, यातायात भी काफी बढ़ गया था। ऐसे कठिन माहौल में एक विकलांग व्यक्ति अपने दोनों हाथों और पैरों के सहारे सडक़ पर घिसटते हुए किसी तरह चौक पार करने का प्रयास कर रहा था। तभी वहां ड्यूटी पर तैनात यातायात हवलदार गिरीवर टंडन की नजर पड़ी। उसके पास पहुंच बड़े आत्मीय भाव से उसे सहारा दिया और खुद आगे-आगे चलते हुए सुरक्षित तरीके से उसे जय स्तंभ चौक पार कराया। और  आमापारा की ओर जा रहा एक खाली ऑटो रिक्शा दिखाई दिया। हवलदार टंडन ने ऑटो चालक से उस विकलांग व्यक्ति को उसके गंतव्य तक पहुंचाने का आग्रह किया। ऑटो चालक ने भी  उसे लेकर रवाना हो गया।

सचमुच, दुनिया आज भी इंसानियत और संवेदनाओं के सहारे ही टिकी हुई है। (तस्वीर और विवरण गोकुल सोनी)


अन्य पोस्ट