रायपुर
विक्षोभ और द्रोणिका सक्रिय, होगी बारिश गिरेगी गाज भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 मई। नवा रायपुर के स्टेडियम में आज शाम होने वाले आईपीएल 26 के पहले मैच की तैयारी पूरी हो चुकी है।
यह मैच मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच खेला जाना है। इस मैच पर आंधी और बादलों का भी डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शाम 4-7 बजे तक 40-50 किमी की रफ्तार वाली अंधड़ हो सकती है। शुक्रवार की तरह यह स्थिति रात 8 बजे के बाद भी हो सकती है?। यह वक्त मैच के टास का होता है। ऐसी स्थिति में मैच के ओवर कम किए जा सकते हैं। बारिश बनी रही तो मैच 5-5 ओवर भी कराएं जा सकते हैं। मैच रद्द नहीं होगा। करीब 10 साल बाद रायपुर में आईपीएल मैच हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 2 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। विक्षोभ और द्रोणिका सक्रिय कल होगी बारिश, गाज भी गिरेगी
एक पश्चिमी विक्षोभ 56 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य प्रदेश के मध्य भाग के दक्षिण हिस्से में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक द्रोणिका मध्य और ऊपर वायुमंडल में 7.6 किलोमीटर ऊंचाई पर उत्तर पूर्व बिहार से तटीय आंध्र प्रदेश के मध्य भाग तक छत्तीसगढ़ होते हुए स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मन्नार की खाड़ी और उससे लगे श्रीलंका के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले 48 घंटे में बनने की संभावना है।
प्रदेश में कल 11 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर प्रारंभ होने की संभावना है।