रायपुर

सडक़ हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत
10-May-2026 4:01 PM
सडक़ हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 मई। डौंडीलोहारा थाना अंतर्गत देर रात्रि को खैरीडीह गांव के पास कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए थे।

 मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान तरुण कुमार यादव उम्र 20 वर्ष, निवासी सिर्राभाटा, राहुल सेवता उम्र 20 वर्ष, निवासी सिर्राभाटा तथा नरेंद्र भूआर्य 21 निवासी मुडख़ुसरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर देवरी की ओर से डौंडीलोहारा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से  राजनांदगांव की तरफ जा रही कार से उनकी जबरदस्त टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों के शरीर क्षत-विक्षत हो गए थे व एक के हाथ व एक के पैर अलग हो गए थे जो घटना स्थल पर कुछ दूरी पर मिले तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। परंतु अनुमान लगाया जा रहा है कि वाहनों की रफ्तार तेज रही होगी व नियंत्रण में नहीं रहने से आपस में जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

 एएसआई अनितराम यादव ने बताया कि कार चालक के खिलाफ धारा 281,106(1)184 एमवीए के तहत मामला दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट