रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 10 मई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राज्य की खाद वितरण व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए सोसाइटियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और कई स्थानों पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। जिससे किसान परेशान हैं। उनके अनुसार, किसानों में इस बात को लेकर चिंता है कि खेती के लिए पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद मिल पाएगी या नहीं।
साहू ने दावा किया कि पिछले वर्ष 2024-25 में किसानों को प्रति एकड़ दो बोरी डीएपी (50 किलो), तीन बोरी यूरिया (45 किलो) तथा आवश्यकता अनुसार सुपर फॉस्फेट उपलब्ध कराया जाता था। उनके अनुसार, इस वर्ष जारी निर्देशों में प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी, एक बोरी यूरिया, एक बोरी सुपर फॉस्फेट और एक बोरी पोटाश देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कई सोसाइटियों में अभी पोटाश उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि किसानों को खाद वितरण के लिए टोकन प्रणाली लागू किए जाने की जानकारी दी जा रही है। उनके अनुसार, बड़े किसानों को आवश्यक मात्रा में खाद एकमुश्त देने के बजाय चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है।
साहू ने यह भी आरोप लगाया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी की खरीद को अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ किसानों का अनुभव है कि इन उत्पादों से अपेक्षित उत्पादन परिणाम नहीं मिले हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से धान उत्पादन प्रभावित हो सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था, टोकन प्रणाली और विभिन्न श्रेणी के किसानों के लिए अलग-अलग प्रावधानों को लेकर किसानों में असंतोष है।
साहू ने राज्य सरकार से खाद वितरण संबंधी आदेशों की समीक्षा करने और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।