रायपुर

मामूली विवाद पर कपड़े से गला दबा पत्नी की हत्या, गिरफ्तार
09-May-2026 9:00 PM
मामूली विवाद पर कपड़े से गला दबा पत्नी की हत्या, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 मई। बीते दिनों सिद्धार्थ चौक इलाके में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने से होना पाए पाया गया। जिसके बाद फरार आरोपी ललित साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मृतिका की पहचान पार्वती साहू 36 के रूप में हुई, जो सिद्धार्थ चौक, छुहिया तालाब स्थित किराए के मकान में रहती थी। जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल की शाम महिला अपने कमरे में अचेत मिली थी। जांच के दौरान सूचक, मकान मालिक तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि  मृतिका के पति ललित कुमार उर्फ विक्की को आखिरी बार मृतिका पार्वती साहू के घर में देखा गया था।

पुलिस ने धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने ललित कुमार उर्फ विक्की की पतासाजी कर उसे हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया  कि मृतिका पार्वती साहू उसकी पत्नी थी तथा दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना के दिन भी दोनों के बीच विवाद एवं हाथापाई हुई, इसी दौरान आवेश में आकर आरोपी ने कपड़े से मृतिका का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपना अपराध स्वीकार किए जाने पर पुलिस टीम ने आरोपी ललित साहू उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतिका के मोबाइल को जप्त किया गया तथा आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही की गई है।


अन्य पोस्ट